Monday, August 3, 2026
Home Breaking स्टील प्लांट हादसे में दो श्रमिकों की मौत, तीन की हालत अब...

स्टील प्लांट हादसे में दो श्रमिकों की मौत, तीन की हालत अब भी गंभीर

11

The Duniyadari: Raigarh– पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में हुए भीषण हादसे में झुलसे दो श्रमिकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूरों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद श्रमिकों और उनके परिजनों में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, चार दिन पहले प्लांट में कामकाज के दौरान अचानक इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग होने से वहां मौजूद पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे में प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया घायल हुए थे।

घटना के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

वहीं, बाकी तीन श्रमिकों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।

प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही और अनियमितताओं के संकेत मिलने पर प्लांट प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।