The Duniyadari: Raigarh- चक्रधरनगर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश शिवा सारथी भी शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी और उसके बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने के आभूषण, पीतल का सामान, साइकिल, दो मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पहली घटना सूर्या विहार इलाके की है, जहां एक घर के बाहर खड़ी रेंजर साइकिल चोरी कर ली गई थी। वहीं दूसरी वारदात दीनदयालपुरम कॉलोनी में हुई, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों से करीब 63 हजार रुपये नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, दो मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में जिले में चोरी के पांच मामलों का सफल खुलासा किया जा चुका है और आगे भी ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।















