Friday, August 21, 2026
Home कोरबा राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, नेताओं ने...

राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, नेताओं ने प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प

15

The Duniyadari: कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम परिसर, टी.पी. नगर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राजीव गांधी की सोच गांवों को मजबूत बनाने और पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से आम लोगों को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने की थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी राष्ट्रवाद, धर्मनिरपेक्षता और समाजवादी विचारधारा को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानते थे।

सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी। महिलाओं को सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व देने की उनकी सोच का प्रभाव आज भी देखने को मिलता है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद किया और विकास योजनाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी का कोरबा जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्राम रंजना में भी आगमन हुआ था।

पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने कहा कि राजीव गांधी के व्यक्तित्व में हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की ललक थी। छात्र जीवन से लेकर पायलट और फिर राजनीति तक उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सोच राष्ट्र निर्माण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को मजबूत पहचान दिलाने पर केंद्रित थी।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, प्रदेश पदाधिकारी हरीश परसाई, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, प्रदेश सचिव विकास सिंह, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, संतोष राठौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू, राजेंद्र तिवारी, एडी जोशी, बसंत चंद्रा, अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मो. शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के जीवन, उनके विचारों और देश के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।