Friday, August 21, 2026
Home रायपुर दोस्तों से लगी तैरने की शर्त बनी जानलेवा, गहरे पानी में समाया...

दोस्तों से लगी तैरने की शर्त बनी जानलेवा, गहरे पानी में समाया 24 वर्षीय युवक; SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

11

The Duniyadari: रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच तैरकर पानी के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने को लेकर शर्त लगी थी। इसी दौरान युवक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया और अचानक पानी में लापता हो गया।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान (24), पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव के ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान आदिल और उसका दोस्त तौफीक पानी में तैरने के लिए उतरे। दोनों आगे बढ़ते हुए पानी के बीच तक पहुंचे, तभी आदिल अचानक गहरे हिस्से में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों युवकों को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है। आदिल के डूबने के बाद उसका दोस्त किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन आदिल का कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को खोजने के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। रात होने तथा पानी की गहराई अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह टीम ने दोबारा तलाश शुरू कर दी।

हादसे की खबर मिलते ही आदिल के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार में गम का माहौल है और सभी युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गहरे एवं असुरक्षित जलस्रोतों में तैरने से बचें। बारिश के मौसम में जलस्तर और पानी की गहराई में अचानक बदलाव हो सकता है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।