The Duniyadari: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने अपने दिल्ली प्रवास के कार्यक्रम और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में जल शक्ति मंत्रालय की ओर से एक विभागीय समिट आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। समिट के दौरान जल प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
जल संरक्षण के कामों की दी जाएगी जानकारी
सीएम साय के मुताबिक समिट में जल संरक्षण, सिंचाई व्यवस्था और पेयजल जैसे विषयों पर विशेष रूप से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी पानी के संरक्षण और बेहतर प्रबंधन को लेकर कई स्तरों पर काम चल रहा है।
प्रदेश में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं की जानकारी दिल्ली में आयोजित समिट के दौरान साझा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए अपने जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर बताया।
GDP ग्रोथ पर CM साय का बयान
देश की आर्थिक विकास दर पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस समय परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं और कई क्षेत्रों में अस्थिरता का माहौल है। इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई है।
सीएम साय ने इस प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सोच, दूरदृष्टि और लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया।


























