Monday, September 7, 2026
Home कोरबा 1500 छात्राओं को मिली एजुकेशन किट, जिले के सभी शासकीय कॉलेजों में...

1500 छात्राओं को मिली एजुकेशन किट, जिले के सभी शासकीय कॉलेजों में बनेगा विशाल डोम

5

The Duniyadari: दीक्षारम्भ समारोह में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा—शिक्षित बेटियां ही मजबूत परिवार और विकसित समाज की नींव

कोरबा। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सोमवार को आयोजित दीक्षारम्भ समारोह में उद्योग मंत्री एवं नगर विधायक श्री लखन लाल देवांगन ने नवप्रवेशित छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत सहित जनप्रतिनिधि एवं महाविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

समारोह में मंत्री श्री देवांगन ने करीब 1500 छात्राओं को सीएसआर के माध्यम से एजुकेशन किट वितरित की। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां परिवार की ताकत होती हैं। वे जितना अधिक शिक्षित होंगी, परिवार, समाज, प्रदेश और देश उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कॉलेजों में अधोसंरचना को मिलेगा विस्तार

मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में डीएमएफ के माध्यम से विशाल डोम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसी तर्ज पर जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी विशाल डोम निर्माण की घोषणा की गई।

38778c88-c340-4c73-b659-534fd045d226

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका अहम है। प्रदेश के विकास की प्राथमिकताओं में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को केंद्र में रखा गया है।

871bdac6-8b87-40de-9275-cb9f87e6d334

मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते प्रदेश में उच्च शिक्षा का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर वर्तमान में 27.5 प्रतिशत हो गया है।

मेहनत के बल पर सफलता हासिल करें छात्राएं : महापौर

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर मेहनत, संघर्ष और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास करने वाली बेटियां निश्चित रूप से सफलता के शिखर तक पहुंच सकती हैं।

शिक्षा को डीएमएफ में प्राथमिकता : कलेक्टर

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के विद्यार्थियों को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन के लिए आवश्यकतानुसार राशि उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से परीक्षा परिणामों के साथ उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की संख्या में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिल रही है।

कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती वर्षा वैष्णव, श्री नरेंद्र देवांगन, महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पपिया चतुर्वेदी, श्रीमती संध्या पांडे, श्रीमती श्रेणी दिवाकर, श्रीमती अमृता सक्सेना, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, श्री भागवत पटेल, श्रीमती वर्षा तंवर और श्री युवराज चंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।