The Duniyadari: दुर्ग। भिलाई में खड़ी मालवाहक गाड़ी से बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर गायब होने के मामले में छावनी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने जांच के दौरान 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के सिलेंडर, वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को महज 2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर की दर से बेच दिया गया था।
खड़ी गाड़ी को बनाया निशाना

मामला 18 सितंबर का है। साक्षरता चौक, कैंप-01 के नजदीक सर्विस रोड पर महिंद्रा मैक्सेमो प्लस वाहन खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने वाहन में रखे 36 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की।
पूछताछ में खुलती गई चोरी की कड़ी

जांच के दौरान मिले सुरागों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस प्रमोद देवांगन तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद सिलेंडरों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया और कुछ को बेच दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे रखे गए थे। वहीं बाकी 20 सिलेंडरों को 2 हजार रुपये प्रति नग के हिसाब से बेचने की जानकारी सामने आई।
अलग-अलग जगह से बरामदगी
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश देकर 20 सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल वाहन और 5 अन्य सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई है।
इन 8 आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



















