The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी ने प्रदेश संगठन की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए कर्मवीर को प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री के तौर पर शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़ का दायित्व दिया गया है।
इस बदलाव के साथ प्रदेश में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की भूमिका में भी परिवर्तन हुआ है। पवन साय लंबे समय से प्रदेश संगठन महामंत्री के पद पर काम कर रहे थे।
संगठन में हुए इस बदलाव को भाजपा के आगामी संगठनात्मक कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पवन साय को लेकर पार्टी और संगठन के भीतर समय-समय पर असंतोष की चर्चाएं सामने आती रही हैं। कुछ कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
संघ के प्रचारक से भाजपा संगठन तक कर्मवीर का सफर
कर्मवीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से आते हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में अपनी जिम्मेदारी शुरू की। संघ में रहते हुए उन्होंने तहसील और नगर प्रचारक सहित अलग-अलग दायित्व संभाले।
उन्होंने फतेहपुर सीकरी और अलीगढ़ महानगर में प्रचारक के रूप में काम किया। इसके बाद मथुरा जिले के जिला प्रचारक रहे। आगे चलकर एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग में विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी भी निभाई।
वर्ष 2015 में उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ प्रांत का सह प्रांत प्रचारक बनाया गया। इसके बाद 2019 में ब्रज प्रांत में भी उन्होंने सह प्रांत प्रचारक के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाली।
कर्मवीर ने वर्ष 2020 में सक्रिय रूप से भाजपा संगठन में भूमिका निभानी शुरू की। उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) का दायित्व मिला। इसके बाद अगस्त 2022 से वह झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अब भाजपा ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनके आने के बाद प्रदेश संगठन में नई कार्यशैली और प्राथमिकताओं के साथ काम आगे बढ़ेगा।



















