Wednesday, September 30, 2026
Home कोरबा सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन, पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी...

सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन, पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने सफाई कर्मियों को किया सम्मानित।

13

The Duniyadari:बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय में 30 सितंबर 2026 को सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के कार्यों को सम्मान देना तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने नगर की स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर योगदान देने वाले सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कार्य से जुड़े कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया।

पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए नगर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके कार्यों का सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने सफाई मित्रों से सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए सुरक्षित तरीके से कार्य करने और नागरिकों से भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

शिविर के दौरान सुरक्षित सफाईकर्मी, स्वच्छ शहर और स्वस्थ समाज के संदेश के साथ सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी शर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।

सफाई मित्र हमारे शहर के असली स्वच्छता नायक
नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित यह सम्मान कार्यक्रम सफाई मित्रों के प्रति सम्मान और उनके मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया।