The Duniyadari: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्थान के तीन युवकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15.737 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में थे। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराने पुल के पास पुलगांव नाले के किनारे स्थित हनुमान मंदिर के नजदीक तीन संदिग्ध युवक गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और तीनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा मिला। जब्त मादक पदार्थ का वजन 15.737 किलोग्राम पाया गया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार युवकों की पहचान कालू राम माहिया (19), अभिमन्यु सिंह (20) और रामानंद चौधरी (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कालू राम माहिया और रामानंद चौधरी राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि अभिमन्यु सिंह राजस्थान के सीकर जिले से है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।














