The Duniyadari: जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोड़ेनार थाना क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने मध्यप्रदेश की अंग्रेजी शराब की 75 पेटियां बरामद की हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा में शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। जब्त खेप में गोवा व्हिस्की की 3,750 बोतलें शामिल हैं।
मेले में बिक्री की थी योजना, आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि आरोपी दुलगो कवासी ने शराब को दशहरा मेले के दौरान बेचने के इरादे से अपने घर में जमा कर रखा था। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश भी की जा रही है।















