The Duniyadari: राजनांदगांव। विजयादशमी के मौके पर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम अब चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा AK-47 से की गई हर्ष फायरिंग को लेकर उठे सवालों के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के IG अजय यादव ने SP से स्पष्टीकरण मांगा है।
दरअसल, विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव के रक्षित केंद्र में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। धार्मिक विधि-विधान के साथ शस्त्रों की पूजा कर मां दुर्गा से जनसुरक्षा और बुराई पर विजय की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान SP अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग की, जिसका वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद इस पर चर्चा तेज हो गई।
हर्ष फायरिंग के तरीके को लेकर कुछ विशेषज्ञों ने सवाल उठाए। इसके बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया। चर्चा का केंद्र यह है कि फायरिंग की प्रक्रिया निर्धारित शस्त्र नियमों और पुलिस विभाग की मर्यादा के अनुरूप थी या नहीं।
राजनांदगांव रेंज के IG अजय यादव के मुताबिक, मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय और उनके संज्ञान में आई है। मुख्यालय ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए SP से जवाब मांगा है। IG स्तर पर स्पष्टीकरण की समीक्षा किए जाने के बाद प्रकरण आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा।
अब SP अंकिता शर्मा के जवाब और उस पर अधिकारियों की समीक्षा के बाद ही आगे का फैसला स्पष्ट होगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप ही मामले में अगला कदम उठाया जाएगा। फिलहाल, इस प्रकरण में किसी अंतिम कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।















