Saturday, November 21, 2026
Home कोरबा तरदा स्कूल में ई-कचरा प्रबंधन और पालक-शिक्षक सम्मेलन, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण...

तरदा स्कूल में ई-कचरा प्रबंधन और पालक-शिक्षक सम्मेलन, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश

61

The Duniyadari: तरदा। कोरबा जिले के करतला विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरदा में 28 अक्टूबर को ई-कचरा प्रबंधन दिवस एवं पालक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अतिथियों, शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। पालक-शिक्षक सम्मेलन के दौरान त्रैमासिक परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित किए गए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति से पालकों को अवगत कराया और बेहतर परिणाम के लिए विद्यालय तथा अभिभावकों के बीच समन्वय को जरूरी बताया। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की स्थिति पर भी चर्चा हुई और पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई।

ई-कचरा प्रबंधन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने चित्रकला, स्लोगन वाचन और भाषण के जरिए इलेक्ट्रॉनिक कचरे से होने वाले नुकसान तथा उसके सुरक्षित निपटान के तरीकों को प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने और ई-कचरे का जिम्मेदारीपूर्वक प्रबंधन करने का संदेश दिया गया।

वहीं, भारतीय विकास परिषद द्वारा आयोजित ‘भारत को जानो’ परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास, ज्ञान और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में श्री प्रहलाद कौशिक, श्री रथ राम पटेल और श्री प्रकाश दास महंत ने विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन, मेहनत और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय व पालकों के संयुक्त प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

विद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम की सभी गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। यह आयोजन विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ पर्यावरण जागरूकता, अभिभावक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।