The Duniyadari: जांजगीर। चांपा थाना क्षेत्र में युवक पर तेजाब डालकर उसे घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में पुलिस ने उस दुकानदार को भी हिरासत में लिया है, जिसने आवश्यक दस्तावेजों के बिना तेजाब बेचा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवक का आरोप था कि महिला के साथ प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद उसने उस पर तेजाब फेंक दिया। हमले में युवक के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई पर जलने के निशान आए।
शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 585/26 के तहत बीएनएस की धारा 124(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी महिला ने शौचालय की सफाई के लिए एक दुकान से एसिड खरीदा था।
जांच में बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सदर बाजार चांपा निवासी 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा के खिलाफ भी बीएनएस की धारा 287 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।















