The Duniyadari: कांकेर। सरकारी स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया को निलंबित कर दिया गया है। उन पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने का आरोप है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रधानपाठक के नशे की हालत में स्कूल आने की शिकायत सामने आई थी। मामला बढ़ने पर बड़गांव थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई। इसके बाद शिक्षा विभाग ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई की और संयुक्त संचालक ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
गौरतलब है कि कलेक्टर कुंदन कुमार जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाने, शिक्षकों की समय पर उपस्थिति और व्यवस्था में सुधार को लेकर लगातार निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में प्रधानपाठक पर लगे इस आरोप ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।















