The Duniyadari: बलौदाबाजार जिले में त्योहार के दौरान अलग-अलग इलाकों में पुलिस की छापेमारी, तीन दिनों तक चला कार्रवाई का सिलसिला
बलौदाबाजार। दीपावली के आसपास जिले में जुए की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर चल रहे जुए के फड़ों पर दबिश देकर पुलिस ने 58 लोगों को हिरासत में लिया। इस दौरान नकदी और ताश की गड्डियां भी बरामद की गईं। जब्त की गई रकम का कुल आंकड़ा 85,360 रुपये बताया गया है।

पुलिस की कार्रवाई 6 नवंबर से शुरू हुई। इस दिन भाटापारा ग्रामीण, पलारी, लवन, सिमगा और सुहेला थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने छापेमारी की। अलग-अलग जगहों से 27 लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से 28,130 रुपये नकद और ताशपत्ती बरामद हुई।

इसके बाद 7 और 8 नवंबर को भी पुलिस का अभियान जारी रहा। सुहेला, भाटापारा शहर, कसडोल और सिमगा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 31 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 57,230 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और 5 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और दूसरी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



















