The Duniyadari: नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन, दिसंबर में महापड़ाव की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपनी मांगों को लेकर अब चरणबद्ध आंदोलन के जरिए सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की तैयारी में हैं। 17 से 19 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तीन दिनों तक विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अनोखे तरीकों से प्रदर्शन कर लंबित मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
आंदोलन के तहत पहले दिन कार्यकर्ताओं द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी समस्याओं और मांगों को सामने रखा जाएगा। दूसरे दिन 18 नवंबर को थाली और चम्मच बजाकर विरोध जताया जाएगा। वहीं, 19 नवंबर को काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर प्रदर्शन किया जाएगा। इसे आंदोलन के अंतिम दिन काला दिवस के रूप में मनाने की तैयारी है।
कार्यकर्ताओं की मांग है कि उन्हें नियमित कर सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। तकनीकी सुविधाओं के तहत 5G मोबाइल उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ता 500 रुपये प्रतिमाह करने और पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई जा रही है।
संघ ने आंदोलन को आगे और तेज करने के संकेत दिए हैं। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय स्तर पर महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी गई है।



















