मुंबई/चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की लहर ऐसी चली कि बाकी पार्टियां धूल चाटती नजर आईं। किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि पंजाब में आप प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी। आम आदमी पार्टी की इस जीत ने बड़े बड़े धुरंधर नेताओं को आईना दिखा दिया है। जहां नवजोत सिंह सिद्धू बुरी तरह चुनाव हारे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के भगवंत मान भारी मतों से जीते हैं।
भगवंत मान की इस जीत पर हर किसी ने उन्हें बधाई दी। इस लिस्ट में काॅमेडियन कपिल शर्मा का नाम भी शामिल है। कपिल शर्मा ने भगवंत मान के साथ एक तस्वीर शेयर कर उन्हें विधानसभा चुनाव में मिली जीत के लिए बधाई दी है।
यह तस्वीर कपिल शर्मा की शादी के दौरान की है। इसमें भगवंत मान को कपिल के बगल में बैठे देखा जा सकता है। कपिल के साथ उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ भी बैठी हैं। भगवंत कपिल और उनकी पत्नी गिन्नीको आशीर्वाद और शादी की शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। कपिल ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए पंजाबी लैंग्वेज में कैप्शन दिया।
कपिल ने लिखा- ‘इतिहास उन्हें याद करता है जो इतिहास बनाते हैं। महान नायक भगवंत मान को उनकी ऐतिहासिक जीत के अवसर पर बधाई। आपने चुनाव नहीं बल्कि पंजाब का दिल जीता है और ढेर सारा प्यार और रिस्पेक्ट।’ कपिल ने अपने इस कैप्शन में ढेर सारे स्माइली, दिल वाले और हाथ जोड़ने वाले इमोजी शामिल किए हैं।
बता दें भगवंत मान पंजाब की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। उन्होंने 58 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। वह आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। पार्टी ने उन्हें चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया था। उनकी जीत के बाद वह अब पंजाब के मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे।
शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकरकलां में लेंगे सीएम पद की शपथ
भगवंत मान ने अपनी विक्ट्री स्पीच में कहा कि पंजाब के किसी भी सरकारी कार्यालयों में मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं होगी। इन कार्यालयों में शहीद भगत और बीआर अंबेडकर की तस्वीरें लगेंगी।































