सीजी: तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आकर एक्टिवा सवार महिला की मौत, गुस्साए लोगों ने किया जमकर हंगामा

451

जांजगीर-चांपा। जिले में आज एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक हाइवा ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से ही हाईवा चालक भाग निकला, वहीँ गुस्साए लोगों ने सड़क पर जमा लगा दिया। इस दौरान लोगों ने एक महिला जज की गाड़ी भी रोक ली। हालांकि बाद में उन्हें जाने दिया गया। बताया जाता है कि महिला अपने पति के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रही थी। इसी बीच यह हादसा हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ये हादसा बाराद्वार थाना क्षेत्र में हुआ है। पलाड़ीकला निवासी चमेली साहू अपने पति दादूराम साहू के साथ आज सुबह करीब 11 बजे एक्टिवा से अंतिम संस्कार में शामिल होने ठठारी जा रही थीं। इस बीच वे नेशनल हाईवे-49 पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पति-पत्नी दोनों सड़क पर जा गिरे और चमेली साहू को हाइवा कुचलते हुए निकल गया। थोड़ी दूर जाने पर चालक ने हाइवा रोकी और उतर कर भाग निकला।

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

इस दौरान बिलासपुर में पदस्थ एक महिला जज सक्ती से जा रही थीं। वह भी जाम में फंस गईं। हालांकि जज की गाड़ी होने का पता चलने पर लोगों ने उन्हें जाने दिया। करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद 25 हजार रुपए मुआवजा राशि देने की बात पर लोग वहां से हटे।