Sambalpur-Jammu Tawi Express : ट्रेन में भीषण डकैती…! यात्रियों से लूटपाट-बदसलूकी-फायरिंग-कई जख्मी…फिर सुनसान जगह पर चैन पुलिंगकर उतर गए

0
510

झारखंड। Sambalpur-Jammu Tawi Express : झारखंड के लातेहार और बरवाडीह रेलवे स्टेशन के बीच संबलपुर-रांची-जम्मूतवी एक्सप्रेस (ट्रेन सं- 18309) की एक स्लीपर बोगी में शनिवार देर रात भीषण डकैती हुई है।

दो यात्रियों को गोली मारी

हथियारबंद अपराधियों ने यात्रियों से जमकर लूटपाट की। इस दौरान अपराधियों ने दो यात्रियों को गोली भी मार दी। गंभीर रूप से जख्मी दोनों यात्रियों को पलामू स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।

रात का समय था और ट्रेन लातेहार स्टेशन से चल चुकी थी। तभी अचानक से स्लीपर कोच नंबर एस9 में 10 लोग आते हैं और यात्रियों से लूटपाट करना शुरू कर देते हैं। महिलाओं से बदतमीजी करते हुए उनके गहने छीन लेते हैं। इसके अलावा कई यात्रियों के साथ मारपीट भी करते हैं। इसके बाद यात्रियों को डराने के लिए बदमाश कई राउंड हवाई फायरिंग भी करते हैं।

चेन पुलिंग करके उतर गए बदमाश

जानकारी के अनुसार, डकैतों ने इस घटना को झारखंड के लातेहार स्टेशन और बरवाडीह स्टेशन के बीच अंजाम दिया। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन लातेहार स्टेशन से जैसे ही खुली हथियारों से लैस डकैत ट्रेन की S9 बोगी में सवार हो गए। इस दौरान वह डरा-धमकाकर महिलाओं से गहने छिनने लगे। उन्होंने सभी यात्रियों से मोबाइल और पर्स भी छीन लिए। वह लगभग आधा घंटे तक बोगी में उत्पात करते रहे और उन्होंने आठ से दस राउंड फायरिंग भी। इसके बाद उन्होंने एक सुनसान जगह पर चैन खींची और उतर गए।

बताया जा रहा है कि जब डकैत घटना को अंजाम दे रहे थे तब उस समय अगले ही डिब्बे में रेलवे की पुलिस पार्टी भी मौजूद थी, लेकिन उन्हें इस घटना की भनक भी नहीं लगी। ट्रेन जैसे ही डाल्टनगंज स्टेशन पहुंची, यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। वहीं इस घटना की सूचना पर रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान ट्रेन को तकरीबन  2 घंटे तक डालटेनगंज स्टेशन पर ही खड़ी रही और वहां घायलों का इलाज किया गया।