0 दोनों ही प्रत्याशी अपने शपथ पत्र के अनुसार आपराधिक मामलों में बिल्कुल बेदाग, नानकीराम बिना कोई कर्ज पढ़ाई और प्रापर्टी में आगे
कोरबा। रामपुर विधानसभा से मौजूदा विधायक ननकीराम कंवर इस सीट से 12वीं बार मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने इस बार फूलसिंह राठिया को टिकट देकर चुनावी रण में अपना उम्मीदवार पेश किया है। दोनों ने अपना नामांकन दाखिल करने के साथ प्रॉपर्टी डिटेल प्रस्तुत की है। इस पर गौर करें तो ननकीराम के पास जहां चल अचल समेत 3 करोड़ 27 लाख 68 हजार 161 की संपत्ति है, कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह राठिया 73 लाख की चल अचल संपत्ति के मालिक हैं। इन दोनों के पिछले रिकार्ड पर गौर करें तो बीते पांच साल में दोनों की ही संपत्ति में वृद्धि दर्ज हुई है। ननकीराम की संपत्ति जहां पिछले चुनाव में दिए गए शपथपत्र के अनुसार 2 करोड़ 26 लाख 75 हजार 263 रुपये थी, पांच साल में 1 करोड़ 9 हजार 898 रुपये बढ़कर 3 करोड़ 27 लाख 68 हजार 161 हो गई। इसी तरह फूलसिंह राठिया की संपत्ति वर्ष 2018 में 37 लाख 44 हजार 710 रुपये थी, जो बढ़कर अब 73 लाख हो गई है। इस तरह उनकी संपत्ति में 35 लाख 55 हजार 290 रुपये की वृद्धि हुई। ननकीराम के पास 7 लाख कैश और उनकी पत्नी शंकुतला कंवर के पास पांच लाख नगद हैं। बैंक खातों में ननकी के पास 2 लाख 74 हजार 602, एफडीआर 14848 और एक लाख आठ हजार जमा है। पत्नी के नाम खाते में एक लाख 51 हजार 311 रुपये जमा है। इसी तरह फूलसिंह राठिया के पास 6 लाख 50 हजार और उनकी पत्नी बीरो बाई राठिया के नाम 4 लाख 50 हजार कैश हैं। बैंक खातों में फूल सिंह के पास 10 हजार और उनकी पत्नी के नाम 20 हजार रुपये जमा हैं। ननकीराम कंवर के पास भूमि और भवन मिलाकर एक करोड़ 83 लाख की संपत्ति है। उनकी पत्नी के नाम पर 96 लाख 800 रुपये की अचल संपत्ति, जबकि उनके प्रतिद्वंदी फूलसिंह 45 लाख की अचल संपत्ति के मालिक हैं। दोनों ही प्रत्याशियों ने अपनी आय का मूल साधन कृषि बयाया है।
फूलसिंह आठवीं पास, ननकी के पास एमए और लॉ की डिग्री
शिक्षा के मामले में ननकीराम कंवर फूलसिंह राठिया से आगे हैं। ननकीराम ने बिलासपुर के एसबीआर कालेज से वर्ष 1966 में एमए राजनीति की डिग्री प्राप्त की। उसके बाद वर्ष 1969 में उन्होंने एमईएस कालेज से बैचलर ऑफ लॉ की भी डिग्री हासिल की। फूलसिंह राठिया ने 1997 में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेंदरीपाली से 8वीं तक पढ़ाई की है।
ननकी के पास पिस्टल है कर्ज नहीं, फूलसिंह बस मालिक हैं और 11 लाख का कर्ज भी