रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छोड़ा मंत्री पद:कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री साय को सौंपा इस्तीफा

0
175

रायपुर से सांसद चुने गए बृजमोहन अग्रवाल ने साय कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। वह प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री थे। बुधवार को साय कैबिनेट की बैठक में बृजमोहन शामिल होने के लिए पहुंचे थे। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपना इस्तीफा सौंपा।

बृजमोहन अग्रवाल अब तक संसदीय कार्य मंत्री थे। उनके इस्तीफे के बाद चर्चा है कि मंत्री राम विचार नेताम को जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं बृजमोहन अग्रवाल के मंत्री पद से इस्तीफे पर कांग्रेस ने तंज किया है।

दो दिन पहले ही (17 जून को) विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को सौंपा था। तब मीडिया से बृजमोहन ने कहा था कि केंद्रीय नेतृत्व में सांसद का चुनाव लड़वाया है, तो सोच समझकर लड़ाया होगा। मुख्यमंत्री के अधिकारों में है कि वे 6 महीने तक मंत्री रख सकते हैं।

रायपुर दक्षिण सीट खाली

इस्तीफा देने के बाद रायपुर दक्षिण सीट खाली हो गई है। चर्चा है कि प्रदेश में साल के अंत में नगरीय निकाय के साथ-साथ विधानसभा उप चुनाव भी हो सकते हैं। ऐसे में अभी से ही बड़ी संख्या में बीजेपी-कांग्रेस के नेता अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ बनने के बाद से ही रायपुर दक्षिण में बृजमोहन अग्रवाल का एकछत्र राज रहा है। उनके रहते यहां से किसी और को कभी भाजपा से टिकट मिला ही नहीं। पहली बार उनके सांसद बनने के कारण अब दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं।