Tuesday, October 20, 2026
Home Breaking पैसा मांगने पर बुजुर्ग दंपति पर किया जानलेवा हमला

पैसा मांगने पर बुजुर्ग दंपति पर किया जानलेवा हमला

285

The Duniyadari:रायपुर। राजधानी रायपुर के अंवति विहार इलाके में छोटी दीवाली के दिन बुजुर्ग दंपत्ति पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हमले में आरोपी किरायेदार मुकेश कुमार था, जिसने मकान मालिक रत्नेश्वर बनर्जी की हत्या और उनकी पत्नी माया बनर्जी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तब घटी जब रत्नेश्वर और माया बनर्जी ने अपने किरायेदार मुकेश को उधार दिए 15 हजार रुपए की वापस रकम मांगी थी, जोकि विवाद का कारण बनी। गुस्से में आकर मुकेश ने हत्या का प्लान बनाया और हेलमेट और नटराज मूर्ति से हमला करके रत्नेश्वर की हत्या कर दी, जबकि माया को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हत्या के बाद मुकेश फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।

आरोपी मुकेश कुमार मूलतः भोपाल का निवासी है। पहले भी उसने भोपाल में लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी और बाद में रायपुर में किराए के मकान में छिपकर रहने लगा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मुकेश चंडीगढ़ में किराए का मकान लेकर वहां छिपा हुआ था। पुलिस ने चंडीगढ़ में उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। पुलिस देर शाम तक इस हत्याकांड के बारे में पूरी जानकारी देगी। इस मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है, और इस हत्या के मामले में पूरी सच्चाई जल्द ही सामने आ सकती है।