The Duniyadari: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मान. किरण सिंह देव जी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) मान. पवन साय जी की सहमति एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष माननीय डॉ सनम जागड़े जी के अनुमोदन एवं भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिलाध्यक्ष मान. गोपाल मोदी जी के अनुशंसा से भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश लहरे द्वारा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जिला कोरबा के जिला पदाधिकारियों, एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई है जिसमें प्रमोद जांगड़े और सूरज टांडेकर को जिला महामंत्री और जिला मंत्री का दायित्व दिया गया है जो की उत्कृष्ट कार्यो के कार्यों के लिए जाने जाते हैं जिसमें अनुसूचित जाति संगठन व भारतीय जनता पार्टी संगठन को एक मजबूती प्रदान होगी
The Duniyadari: सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम रामपुर स्थित एक माध्यमिक स्कूल में मध्याह्न भोजन के चावल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मिड-डे मील के लिए आए चावल को कार में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि 3 मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मिड-डे मील के करीब दो बोरी चावल एक कार में रखकर ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने संदेह जताया कि चावल को स्कूल से बाहर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि समेत गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और गांव के अंदर ही उसे रोक लिया।
घटना के बाद गांव में कुछ समय तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के चावल को बाहर ले जाने की कोशिश की गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इधर प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
The Duniyadari: रायपुर, 08 मार्च। छत्तीसगढ़ पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्व रंजन का निधन हो गया। वे 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया।
अपने लंबे प्रशासनिक जीवन में विश्व रंजन ने कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वे जुलाई 2007 से जुलाई 2011 तक छत्तीसगढ़ के डीजीपी रहे। उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे।
उनके निधन की खबर सामने आते ही पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में शोक का माहौल है। कई वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया है।
The Duniyadari: पटना। बिहार की राजनीति इन दिनों काफी गर्म हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच दिल्ली में स्वास्थ्य जांच करवाकर लौटे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पटना पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला।
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार को जबरन हटाया जा रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है और उन्हें बिहार छोड़कर कहीं जाने की जरूरत नहीं है। राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश को राज्य में रहकर ही काम करना चाहिए। उनका यह बयान नीतीश कुमार के उस सोशल मीडिया संदेश के बाद आया है, जिसमें उन्होंने राज्यसभा जाने और नई सरकार को समर्थन देने का संकेत दिया था।
इधर, राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पूरे घटनाक्रम के पीछे भाजपा की भूमिका होने का आरोप लगाया है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में भी ‘महाराष्ट्र मॉडल’ लागू किया जा रहा है। उनके मुताबिक भाजपा अपने सहयोगियों को धीरे-धीरे कमजोर करने की राजनीति करती है और इसी रणनीति के तहत नीतीश कुमार को दबाव में लाया गया है।
दूसरी ओर, नीतीश कुमार के राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात करने के बाद सियासी हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि वे जल्द ही पद छोड़ सकते हैं। इस बीच उनके बेटे निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की भी चर्चा है।
बताया जा रहा है कि निशांत कुमार ने हाल ही में जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा के आवास पर पार्टी के करीब दो दर्जन विधायकों के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक 8 मार्च को वे औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ले सकते हैं। पार्टी के भीतर इसे नेतृत्व में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है और कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
The Duniyadari: दुर्ग। जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में उगाई गई अफीम की फसल जब्त की है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक जेवरा-सिरसा चौकी के अंतर्गत समोदा, झेंडारी और सिरसा गांव के बीच स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खेत में अफीम की फसल मिलने के बाद अन्य संबंधित विभागों को भी कार्रवाई के लिए बुलाया गया।
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया कि इस खेती से भाजपा से जुड़े विनायक ताम्रकार का नाम सामने आ रहा है। मामले की जानकारी कलेक्टर अभिजीत सिंह तक पहुंचने पर उन्होंने तत्काल एसडीएम, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए। साथ ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और फॉरेंसिक टीम को भी इसकी सूचना दी गई।
जांच के दौरान ग्राम झेंझरी पटवारी हल्का नंबर 8 की जमीन के खसरा नंबर 309 और 310 का निरीक्षण किया गया। यह भूमि मधुमती ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकार के पिता सीताराम ताम्रकार के संयुक्त नाम पर दर्ज बताई गई है। जांच में पाया गया कि करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती की गई थी। बताया जा रहा है कि इसे छिपाने के लिए मक्के की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे।
प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में विनायक ताम्रकार (58), विकास विश्नोई (27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) के नाम सामने आने की जानकारी दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
The Duniyadari: कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के भारतमाला मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि बोलेरो न्यूओ कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलटकर सड़क के बीच जा गिरी। हादसे में वाहन सवार कोरबा के एक व्यापारी घायल हो गए, जबकि चालक की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार महिंद्रा बोलेरो न्यूओ (क्रमांक CG 12 BJ 8333) में कोरबा के सीतामणी मुख्य मार्ग निवासी गौरव अग्रवाल सवार थे। वे बिलासपुर से कोरबा लौट रहे थे और वाहन स्वयं चला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में झपकी आने से वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
दुर्घटना में घायल गौरव अग्रवाल को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हरदीबाजार थाने में पदस्थ एएसआई कृपा शंकर दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और घायल की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
The Duniyadari: कोरबा, 07 मार्च। जिले के दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्राम नकिया में शनिवार को उस समय अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब कलेक्टर कुनाल दुदावत अचानक गांव पहुंच गए। आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर के इस सहज अंदाज से ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बातें रखीं।
ग्रामीणों ने राशन, सड़क, बिजली, स्कूल, आंगनबाड़ी, बाजार शेड और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। कलेक्टर ने सभी समस्याओं का परीक्षण कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने कोरबा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम लेमरू, नकिया और श्यांग का निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। पीवीटीजी परिवारों के बीच चौपाल लगाकर उन्होंने योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को सोमवार को गांव में शिविर लगाकर जांच करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, कोतरा डांड तक सड़क, खराखेत पारा में स्कूल भवन और आंगनबाड़ी, गांवों में विद्युतीकरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए आवास स्वीकृत करने की मांग रखी। कलेक्टर ने कहा कि जिन परिवारों का सर्वे नहीं हुआ है वे आवेदन दें, नया लक्ष्य मिलते ही आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
कलेक्टर ने लेमरू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां लैब टेक्नीशियन की व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव और हाई-रिस्क मामलों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके अलावा चिर्रा-श्यांग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने ठेकेदार को जून तक सड़क निर्माण पूरा करने और काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
ग्राम नकिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत समय पर घर निर्माण पूरा करने वाले पहाड़ी कोरवा समुदाय के हितग्राही वीरूराम और शाम कुंवर को कलेक्टर ने सम्मानित भी किया।
दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज कुमार गुरबले, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
The Duniyadari: रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं मेहनत, आत्मविश्वास और नवाचार के दम पर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और राज्य सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार पहल कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। पहले जहां महिलाएं सीमित दायरे में रहती थीं, वहीं अब स्व-सहायता समूहों के माध्यम से वे आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर परिवार और गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर हर गांव में अधिक से अधिक लखपति दीदियां तैयार करना है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश में 10 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से करीब 8 लाख महिलाएं यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। आगे इस संख्या को 10 लाख से भी अधिक तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण परिवारों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर चुकी है, जिनके निर्माण में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं भी भागीदारी निभा रही हैं। वहीं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना के तहत अब तक लगभग 70 लाख महिलाओं को 24 किश्तों में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। चालू बजट में इसके लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना से लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। अब उन्हें व्यापारिक केंद्रों और धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए लखपति दीदी भ्रमण योजना भी शुरू की जा रही है। साथ ही पंचायत विभाग के माध्यम से 250 महतारी सदनों के निर्माण और पोषण योजनाओं के संचालन के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बालिकाओं की आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रस्तावित रानी दुर्गावती योजना का भी उल्लेख किया। इस योजना के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर बेटियों को 1.5 लाख रुपये की सहायता देने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लखपति दीदियां पूरे प्रदेश की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं और अब लक्ष्य उन्हें करोड़पति दीदी के रूप में आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि बकरी पालन क्लस्टर परियोजना शुरू कर इस क्षेत्र को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना और आईआईएम रायपुर के साथ हुए समझौते से स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी पर आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला से जुड़ी ब्रांड बुक का विमोचन किया। इसके साथ ही लखपति दीदी ग्राम पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया, जिसके माध्यम से ग्राम पंचायतों का मूल्यांकन कर उन्हें लखपति दीदी ग्राम घोषित किया जाएगा। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को सम्मानित भी किया गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और आने वाले समय में वे लखपति से करोड़पति बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में बस्तर, बालोद और जशपुर सहित कई जिलों से आई महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के मंत्री, विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
The Duniyadari: कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के आह्वान पर 8 मार्च को दुर्ग में बिजली कर्मचारियों का 20वां प्रांतीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अधिवेशन में शामिल होने के लिए कोरबा जिले से भी बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में दुर्ग के लिए रवाना होंगे।
यूनियन के कोरबा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी यादव ने बताया कि यह अधिवेशन केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि बिजली कर्मचारियों के लिए एक बड़ा मंच होगा। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों कर्मचारी एकत्र होकर अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
कर्मचारियों की मांगों पर होगी अहम चर्चा
अधिवेशन में लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। यूनियन का कहना है कि अब समय आ गया है कि कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर ठोस रणनीति बनाकर उन्हें निर्णायक रूप दिया जाए। इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाने की संभावना है।
इन मांगों पर रहेगा विशेष जोर
अधिवेशन में समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर एक करोड़ रुपये मुआवजा देने, वेतन पुनरीक्षण समिति के गठन और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे।
पुरानी पेंशन योजना को लेकर बनेगा दबाव
यूनियन नेताओं का कहना है कि कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग पुरानी पेंशन योजना की बहाली है। अधिवेशन में इस विषय पर प्रस्ताव पारित कर सरकार से इसे जल्द लागू करने की मांग की जाएगी।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन की चेतावनी
यूनियन पदाधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो प्रदेश के बिजली कर्मचारी व्यापक आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। ऐसे में दुर्ग में होने वाला यह प्रांतीय अधिवेशन कर्मचारियों की आगे की रणनीति तय करने के लिए अहम माना जा रहा है।