The Duniyadari: कोलकाता- पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव नितिन नबीन समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शपथ के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बंगाल को तुष्टीकरण, भय और अराजकता की राजनीति से मुक्त कर सुशासन, विकास और जनकल्याण की दिशा में ले जाया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करना और घुसपैठ रोकना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता होगी।
इससे पहले शुक्रवार को कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। बैठक में अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान करते हुए कहा था कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को लेकर शुरू हुई यात्रा आज मुकाम पर पहुंची है।
शपथ ग्रहण के दौरान ब्रिगेड ग्राउंड में हजारों की भीड़ उमड़ी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे शहर में जश्न का माहौल रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मिठाई बांटी और आतिशबाजी की।
सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से विधायक हैं। वे 2021 में ममता बनर्जी को हराकर सुर्खियों में आए थे। अब राज्य की कमान संभालने के बाद उनसे बंगाल में बड़े बदलाव की उम्मीद की जा रही है।



































