Friday, July 10, 2026
Home Breaking BSP स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा एक्शन, जीएम और एजीएम गिरफ्तार

BSP स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा एक्शन, जीएम और एजीएम गिरफ्तार

8

The Duniyadari: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप की कथित चोरी के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने इस प्रकरण में बीएसपी के दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों में आईएमएस-3 के महाप्रबंधक (जीएम) हिमांशु भूषण मलिक और सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) मनोज कुमार देवांगन शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लंबे समय से लौह स्क्रैप को अवैध रूप से बाहर भेजा जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क के संचालन में कुछ अधिकारियों की भूमिका भी सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि 26 मई 2026 को पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह स्थित एक स्क्रैप गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में लौह सामग्री बरामद की थी। मौके से करीब 250 टन स्क्रैप के अलावा हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाइड्रा सहित कई मशीनें जब्त की गई थीं। जांच में सामने आया कि यह अवैध कारोबार पिछले कई महीनों से संचालित हो रहा था।

इस मामले में मुख्य आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है और उसकी लगभग 3.5 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है। पुलिस अब पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।