The Duniyadari: बेमेतरा जिले के चंदनु थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम तुमा के पास सुनसान स्थान पर चादर में लिपटा शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव यहां लाकर फेंका गया।
सूचना मिलते ही चंदनु थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों और थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या की वजह और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।















