Friday, August 28, 2026
Home Breaking किसान अपने धान विक्रय के सुखद अनुभव को पंजियों में करें दर्जः...

किसान अपने धान विक्रय के सुखद अनुभव को पंजियों में करें दर्जः कलेक्टर

254

The Duniyadari:कोरबा- कलेक्टर अजीत वसंत ने आज पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के धान खरीदी केन्द्र मोरगा का निरीक्षण कर केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर ने उर्पाजन केन्द्र में पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी टोकन, अब तक हुए धान खरीदी, राशि भुगतान एवं केंद्र में उपलब्ध बारदानों के सम्बंध में प्रबंधक से जानकारी ली।

उन्होंने केंद्र में धान भंडारण, स्टैकिंग व्यवस्था का भी अवलोकन करते हुए नए-पुराने बारदाना की उपलब्धता, बारदाना की गुणवत्ता, चौकीदार की व्यवस्था, सीसीटीवी की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों द्वारा विक्रय हेतु लाए धान की नमी का भी अपने समक्ष जांच करवाई और बोरी में भरे धान का इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन में माप करवाकर वजन का परीक्षण कराया।

कलेक्टर ने केंद्र प्रभारी को उपार्जन केंद्र में शासन के दिशा निर्देश का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए साथ ही वहां आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने एवं किसानों से गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी करने हेतु निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और केंद्र में अवैध धान की खरीदी बिल्कुल नही होनी चाहिए। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा करते हुए उनसे अपने वास्तविक उपज को ही समिति में विक्रय करने की बात कही।

साथ ही बिचौलियो कोचियों के अवैध धान का केंद्र में विक्रय रोकने हेतु जिला प्रशासन का सहयोग करने के लिए कहा। उन्होंने किसानों से धान विक्रय के अपने सुखद अनुभव को केंद्र में उपलब्ध पंजियों में दर्ज करने का आग्रह किया। जिससे किसानों की सहूलियत अनुसार केंद्र में धान खरीदी में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा  तुला राम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।