Sunday, March 15, 2026
Home दुर्घटना Gas Cylinder Blast : गैस सिलेंडर फटने से उड़ी घर की छत,...

Gas Cylinder Blast : गैस सिलेंडर फटने से उड़ी घर की छत, परिवारवालों ने जैसे-तैसे भागकर बचाई जान, मचा हड़कंप

415

कोरबा। Gas Cylinder Blast : छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के मुड़ापार बस्ती में बड़ा हादसा हो गया। यहाँ गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक घर में भीषण आग लग गई। सिलेंडर ब्लास्ट के कारण घर की छत उड़ गई। घटना शुक्रवार रात 10 बजे की है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात 10 बजे पति-पत्नी, दो बच्चे और बच्चों की नानी घर पर खाना खा रहे थे। इस दौरान गैस सिलेंडर के पाइप से रिसाव होने लगा और उसमें आग लग गई। आग ने तेजी से पूरे गैस सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। परिजनों ने गैस सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाना चाहा, लेकिन वे असफल रहे। इसके बाद तुरंत सभी परिवारवाले घर से बाहर भागे।

जैसे ही परिजन शोर मचाते हुए घर से बाहर निकले, वहां आसपास के लोग भी पहुंच गए। कुछ ही देर के बाद गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर की छत उड़ गई। वहीं घर के सामानों में भी आग लग गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

नगर सेना की दमकल की गाड़ी बस्ती में पहुंची, लेकिन संकरा रास्ता होने के कारण उसे बाहर ही खड़ा रहना पड़ा। किसी तरह से पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। आग से फ्रिज, कूलर समेत घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। घर की दीवार में भी दरारें पड़ गई हैं।

मकान मालिक जुनैद खान ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है और इस आग से उसे लाखों का नुकसान हुआ है। घर में रखा टीवी, फ्रिज, अलमारी, सोफा और अन्य सामान जलकर खाक हो गए हैं।