Tuesday, April 30, 2024
HomeकोरबाKorba: कल राजधानी में तब्दील होगी ऊर्जानगरी, जुटेगी दिग्गजों की फौज.. CM-डिप्टी...

Korba: कल राजधानी में तब्दील होगी ऊर्जानगरी, जुटेगी दिग्गजों की फौज.. CM-डिप्टी सीएम और मंत्रियों के काफिले के साथ नॉमिनेशन फाइल करेंगी सरोज…

कोरबा। पूर्व सीएम भूपेश समेत कांग्रेस के आला नेताओं का कारवां गुजर गया और अब भारतीय जनता पार्टी के शक्ति प्रदर्शन की बारी है। पार्टी की कोरबा लोकसभा प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस मौके पर भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं की फौज कुछ इस तरह से जुटेगी, जिसे देखकर ऊर्जा नगरी कोरबा भी कुछ घंटों के लिए प्रदेश की राजधानी में तब्दील नजर आएगी। इस दौरान स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वरिष्ठ विधायक धतमलाल कौशिक सरीखे सियासत के मंझे हुए राजनीतिज्ञ मौजूदगी दर्ज कराएंगे। स्वयं सीएम साय कोरबा की जनता के बीच भाजपा के शक्ति प्रदर्शन की अगुआई करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद और कोरबा लोकसभा प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय गुरुवार 18 अप्रैल को अपना नॉमिनेशन फाइल करेंगी। उन्हें पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक विजय दिलाने के संकल्प के साथ भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में भव्य नामांकन रैली और विशाल जनसभा आयोजित करने की तैयारी की गई है। भाजपा के विजय शंखनाद के साथ इस जनसभा में मुख्यमंत्री समेत मंत्रीगण व दिग्गज नेता शामिल होकर अपना संबोधन देंगे। शहर के ओपन थिएटर में आयोजित होने वाली जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थिति दर्ज कराएंगे। बड़े भाजपा नेताओं में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक रेणुका सिंह, विधायक भैयालाल राजवाड़े, विधायक प्रणव मरपच्ची, भाजपा के प्रदेश मंत्री विकास महतो, कोरबा लोकसभा क्षेत्र के चारों जिलाध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, कृष्ण बिहारी जायसवाल, अनिल केशरवानी, कन्हैया सिंह राठौर समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी व आला पदाधिकारी शामिल होंगे।

 

पहले श्रीराम-जानकी की पूजा, धार्मिक गुरु भी करेंगे शिरकत

 

सुश्री पांडेय नामांकन रैली से पूर्व कोरबा शहर के बुधवारी बाजार महाराणा प्रताप चौक स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में सुबह 11:30 बजे पूजा और दर्शन करेंगी। इस के बाद शहर के घंटाघर ओपन थियेटर में आयोजित जनसभा में शामिल होंगी। भाजपा कार्यकर्ताओं का पहले ओपन थियेटर में एकत्रीकरण होगा। जनसभा के बाद नामांकन रैली प्रारंभ होगी। पार्टी के जिला के पदाधिकारियों ने बताया कि रैली को लेकर खास तैयारी की गई है। रैली में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कर्मा नृत्य व ओडिशा के लोक कलाकार शामिल होंगे, जो रैली में दलबल के साथ वाद्ययंत्र के जरिए प्रदर्शन करते हुए रैली के आगे चलेंगे। इसी तरह रैली में भाजपा का रथ भी होगा, साथ ही ढोल नगाड़े और डीजे के साथ रैली निकलेगी। इस महारैली में अलावा सभी समाज एवं जाति के प्रमुख व धार्मिक गुरु भी शिरकत करेंगे

 

15000 से ज्यादा भीड़ जुटाने का रखा गया है लक्ष्य

 

सुश्री पांडेय की नामांकन रैली और विजय शंखनाद जनसभा में युवा, महिला, बुजुर्ग, किसान, समेत 15000 से अधिक संख्या में लोगों के शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें कोरबा लोकसभा के आठों विधानसभा से आए भाजपा कार्यकर्ताओं व जनता जनार्दन शामिल होकर सुश्री पांडेय को पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक विजय दिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। इस भव्य नामांकन रैली व विशाल जनसभा को सफल बनाने की जोर-शोर से तैयारी की गई है। नामांकन रैली का जगह जगह स्वागत भी किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments