The Duniyadari: KORBA- देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और अपनापन जताने के लिए भाजपा महिला मोर्चा ने ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र-04’ के तहत विशेष आयोजन किया। आर.पी. नगर फेस-01 के दशहरा मैदान में हुए कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं ने 30 हजार से ज्यादा राखियां एकत्र कर पूर्व सैनिक संगठन को सौंपीं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में राखियां पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा को भेंट की गईं। इस दौरान उन्हें मां सर्वमंगला की पावन धरती का तिलक भी लगाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सैनिक कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हैं। उनके साहस, त्याग और समर्पण के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन जी पाते हैं। ऐसे में सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करना समाज की जिम्मेदारी है।
महिला मोर्चा की ओर से भेजी गई राखियों को जवानों के प्रति बहनों के स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताया गया। आयोजकों ने कहा कि 30 हजार से अधिक राखियों का संग्रह कोरबा की महिलाओं की राष्ट्रभक्ति और देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
कार्यक्रम में रायपुर सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला संयोजिका सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अंजना सिंह सहित महिला मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

















