कोरबा। चुनावी बिसात पर अपनों का साथ काफी अहम है। उस पर अगर दिग्गज और अनुभवी रणनीतिकारों की टीम मैदान में उतर जाए तो क्या कहना। कटघोरा नगर में उस वक्त कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब क्षेत्र दिग्गज कांग्रेसी नेता कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम कंवर के पक्ष में जन समर्थन जुटाने निकले। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी रतन मित्तल, शेख इस्तियाख और राज जायसवाल ने अभियान की अगुवाई की। उन्होंने जनता के लिए समर्पित प्रत्याशी श्री कंवर के लिए जनता से ही स्वस्फूर्त सहयोग देकर पुनः कांग्रेस की जनहितैषी सरकार काबिज करने का आह्वान किया।
कांग्रेस के उम्मीदवार पुरुषोत्तम कंवर के पक्ष में प्रचार की कमान संभाले इन वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने लोगों के बीच पहुंचकर श्री कंवर को भारी मतों से जीत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार का संदेश, कांग्रेस की रीति-नीति और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम मतदाताओं को प्रदान की। कटघोरा क्षेत्र के लोगों में इसका खास प्रभाव दिखाई दिया। कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के समूह के साथ उन्होंने घर-घर जाकर कांग्रेस की बात पहुंचाई। सरकार द्वारा महिलाओं और बेरोजगारों के लिए किए गए कार्यों का लेखा जोख बताया गया।
क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि विधायक पुरुषोत्तम कंवर की पहल पर किस प्रकार कटघोरा विधानसभा क्षेत्र विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर हो रहा है। उनके दिशा निर्देश पर कार्यकर्ता सीधे तौर पर मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें श्री कंवर के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके प्रयासों का सार्थक परिणाम उनके साथ उमड़ रही भारी भीड़ में देखा जा सकता है, जो आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की राह प्रशस्त करने सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होगा।