उद्योग घरानों के हित की वकालत कर रहा केंद्र सरकार का श्रम कोड.. ऐसी श्रम और देश विरोधी नीतियों का होगा पुरजोर विरोध : दिपेश

0
142

0 संयुक्त श्रम संघ के कन्वेंशन में 16 फरवरी को घोषित एकदिवसीय राष्ट्रीय व्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान

कोरबा। केंद्रीय श्रम संगठन बीते कई महीनों से गुहार लगाती रही कि जो आर्थिक नीतियां केंद्र सरकार बना रही है, वह मेहनतकशों के हितों को प्रभावित कर रहा है। सार्वजनिक उपक्रम इस देश की धरोहर हैं, उनका भी विनिवेश किया जा रहा है, जो देश हित के खिलाफ है। इसके साथ ही देश में जो श्रम कोड लाया जा रहा है, वह एक ओर मजदूरों के खिलाफ है तो दूसरी ओर कहीं ना कहीं उद्योग घरानों का समर्थन है। इसका श्रम संगठन विरोध करता है। श्रम संघ देश के 50 करोड़ असंगठित मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा व देश के करोड़ों नौजवानों के लिए रोजगार सृजन की वकालत कर रहा है, पर इस मसले में केंद्र सरकार का रवैया पूरी तरह से नकारात्मक है और हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं।

यह बातें गुरुवार को हुए संयुक्त श्रम संघों का कन्वेंशन में यूनियन प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए एटक के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष दीपेश मिश्रा ने कहीं। संयुक्त संघों के बेनर तले 16 फरवरी को केंद्र सरकार के जन विरोधी, मजदूर विरोधी एवं किसान विरोधी आर्थिक नीतियों के खिलाफ देशभर के केंद्रीय श्रम संघों ने एक दिवसीय राष्ट्र व्यापी औद्योगिक हड़ताल का ऐलान किया है। इस कड़ी में कोरबा औद्योगिक जिले में 100 फीसदी हड़ताल को कामयाब करने के लिए गुरुवार को बालको नगर के उत्सव वाटिका में संयुक्त श्रम संघों का कन्वेंशन आयोजित किया गया।

इस संबंध में एटक के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष दीपेश मिश्रा ने बताया कि कन्वेंशन में इंटक के गोपाल नारायण सिंह, जयप्रकाश यादव,एटक के एमएल रजक, एसकेसिंह, सुनिल सिंह, कमर बख्श, सीटू के वीएम मनोहर, सुखेंदु घोष, अमित गुप्ता एचएमएस के ए.विश्वास, राकेश सोनी, लखन लाल साहिस, वेदांता अल्युमिनियम मजदूर संघ के महासचिव अमृतलाल निषाद ने सभा को संबोधित कर 16 फरवरी मे प्रस्तावित एक दिवसीय औद्योगिक हड़ताल को कोरबा जिले में कामयाब करने की रणनीति पर अपने विचार रखे। सर्वसम्मति से निर्णय किया गया कि 16 फरवरी को प्रस्तावित औद्योगिक हड़ताल मेहनतकशों के लिए जीवन मरण का प्रश्न है। इसे प्रभावी तरीके से जिले में कामयाब करने के लिए हर संभव संयुक्त रणनीति बनाई जाएगी। दीपेश मिश्रा ने आगे बताया कि 14 फरवरी को गेवरा मे भी संयुक्त श्रम संगठनों का कन्वेंशन होगा। श्री मिश्रा ने कहा कि कोरबा जिले में 16 फरवरी को प्रस्तावित औद्योगिक हड़ताल सौ फीसदी कामयाब हो इसके लिए संयुक्त श्रमिक संगठन प्रभावी भूमिका अदा करेगी। आज के कन्वेंशन मे आए तमाम श्रमिक नेताओं और कार्यकतार्ओं का बालको एटक सचिव धर्मेंद्र तिवारी ने धन्यवाद दिया।