Leopard Knock : छत्तीसगढ़ के इस इलाके में तेंदुए का आतंक, हमले में बच्चा घायल

190

अंबिकापुर। Leopard Knock : सरगुजा संभाग में हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच तेंदुए की दस्तक ने भी लोगों को दहशत में डाल दिया है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में इन दिनों एक तेंदुआ जमकर उत्पात मचा रहा है। तेंदुए ने बीते 11 दिसंबर को जंगल गई एक महिला पर हमला कर जान ले ली थी। अब एक 8 वर्षीय बच्चा तेंदुए के हमले में घायल हो गया है। बच्चे को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया है।

ठंड के बीच तेंदुए ने बढ़ाया लोगों में खौफ

कुआंरपुर वनपरिक्षेत्र में काफी दिनों से एक तेंदुआ (Leopard Knock) विचरण कर रहा है। मध्य प्रदेश के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान का तेंदुए बताया जा रहा है। तेंदुआ छपराटोली में देर शाम 8 साल के मासूम बच्चे को दबोच कर जा रहा था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुए ने बच्चे को छोड़ा और जंगल की ओर भाग गया। बताया गया कि बच्चा बाहर परिजनों के साथ खेल रहा था। मां मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान आदमखोर तेंदुए ने बच्चे पर धावा बोल दिया। तेंदुए ने बच्चे की गर्दन दबोचकर जंगल की ओर जाने लगा।

वन विभाग ने बाहर नहीं निकलने को कहा

दोनों घटनाओं के बाद अब वन विभाग सक्रिय हो गया है। उसने वन क्षेत्र से लगे रहवासियों को सावधानी बरतने और घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। तेंदुए के आतंक की खबर मिलते ही सोनहत विधायक गुलाब कमरों ने मनेंद्रगढ़ डीएफओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। उन्होंने तेंदुए से (Leopard Knock) ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गांव में मुनादी कराने को भी कहा है।