Mission 2023: AAP का कार्यकर्ता सम्मेलन 5 मार्च को, दिल्ली और पंजाब CM आएंगे रायपुर..भरेंगे हुंकार

182

रायपुर/नई दिल्ली। mission 2023: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की पंजाब में सरकार बनाने के बाद अब उनकी नजर छत्तीसगढ़ पर है। रायपुर में 5 मार्च को होने वाले आमआदमी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम अरविंद केजरीवाल के अलावा पंजाब के सीएम भगवंत मान छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ ही आप की छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के शुरुआत होगी।

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में अपने संगठन का तेजी से विस्तार कर रही है। संगठन को मजबूत करने के लिए 455 ब्लॉक अध्यक्ष बनाए हैं। इसके अलावा पार्टी ने पूरे प्रदेश में लोकसभा प्रभारी और लोकसभा सचिवों का ऐलान कर दिया है। सभी जिलों में जिला प्रभारी और जिला सचिवों की भी घोषणा कर दी गई है।

संगठन विस्तार के साथ- साथ आम आदमी पार्टी 5 मार्च में कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रही है। पार्टी अभी से इसकी तैयारियों में भी जुट गई है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजीव झा बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के दौरे कर चुके हैं।

बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ये तय करेगी कि वो 90 में से कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और पार्टी के प्रत्याशी कौन होंगे? राज्य में बस्तर के आदिवासी नेता कोमल हुपेंडी को आम आदमी पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री प्रत्याशी भी घोषित किया था।