The Duniyadari: रायपुर/दिल्ली- NEET पेपर लीक मामले के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने NEET-UG 2026 की नई तारीख का एलान कर दिया है। अब यह परीक्षा रविवार, 21 जून को होगी। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने नया शेड्यूल जारी किया।
*शिक्षा मंत्री के घर अहम बैठक*
परीक्षा रद्द होने के दो दिन बाद गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हाईलेवल बैठक हुई। इसमें दोबारा एग्जाम कराने की रूपरेखा पर चर्चा हुई। बैठक में हायर एजुकेशन सेक्रेटरी विनीत जोशी, स्कूल एजुकेशन सेक्रेटरी संजय कुमार, NTA के DG अभिषेक सिंह, CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह, KVS-NVS के कमिश्नर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
*अहमदाबाद में NSUI का विरोध*
पेपर लीक को लेकर देशभर में विरोध जारी है। गुरुवार को अहमदाबाद में NSUI कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को काले झंडे दिखाए और काफिला रोकने की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
*CBI ने 7 लोगों को किया गिरफ्तार*
CBI ने मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 5 आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेजा है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के सीकर से मांगी लाल बिंवाल, जमवारामगढ़ से दिनेश बिंवाल और उसका बेटा विकास बिंवाल, हरियाणा के गुरुग्राम से यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार शामिल हैं। जांच में सामने आया कि शुभम ने ही यश को पेपर दिया था।















