Friday, April 17, 2026
Home खेल World Archery Championship: भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने जीता गोल्ड मेडल

World Archery Championship: भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने जीता गोल्ड मेडल

330

नई दिल्ली। World Archery Championship: भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में इतिहास रच डाला है। भारत ने मेक्सिको को हराकर विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में पहला गोल्ड मेडल जीता। भारत ने एकतरफा फाइनल मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त मेक्सिको को 235-229 से रौंदा। भारत ने सेमीफाइनल में कोलंबिया और क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपै को शिकस्त दी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने शनिवार को ट्विटर पर लिखा, भारत के लिए यह गर्व का पल है क्योंकि हमारी असाधारण कंपाउंड महिला टीम ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। हमारे चैंपियंस को बधाई! उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण यह बेहतरीन परिणाम आया है।

बता दें कि भारत ने 1981 में पुंटा अला (इटली) में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप की शुरुआत के बाद यह पहली बार तीरंदाज विश्व चैंपियन बना है। भारत इससे पहले विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में रिकर्व वर्ग में चार बार और गैर-ओलंपिक कंपाउंड वर्ग में पांच बार फाइनल में हार चुका है।