Friday, October 23, 2026
Home कोरबा कोरबा: मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत, जहर सेवन की आशंका से...

कोरबा: मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत, जहर सेवन की आशंका से मचा हड़कंप

102

The Duniyadari : कोरबा। जिले के उरगा थाना अंतर्गत ग्राम सरबुंदिया में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मजदूर ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान 48 वर्षीय मुखी राम केवट के रूप में हुई है, जो गांव स्थित एक ईंट भट्ठे में काम करता था।

काम से लौटने के बाद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक मुखी राम मंगलवार शाम रोज़ की तरह काम से घर लौटा और अपने कमरे में जाकर लेट गया। उसी दौरान उसका बेटा राहुल, जो टेंट हाउस में काम करता है, देर रात घर पहुंचा। उसे लगा कि पिता शराब के असर में सो रहे हैं। उस समय उसकी मां किसी काम से बाजार गई हुई थी।

अचेत अवस्था में मिले, नीचे पड़ी थी खाली शीशी

रात में जब पत्नी घर लौटी और खाना बनने के बाद मुखी राम को उठाने गई, तो उनके शरीर में कोई हरकत नहीं दिखी। इसी दौरान खाट के नीचे एक खाली शीशी नजर आई, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

कमरे से मिला ‘सुहागा नमक’, जहर सेवन की आशंका

घटना के बाद परिजनों ने बताया कि कमरे की तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की थैली में ‘सुहागा नमक’ नामक पदार्थ मिला है। आशंका जताई जा रही है कि इसी का सेवन किया गया होगा। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फिलहाल उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।