Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking ऑपरेशन प्रहार: रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार पर कसा शिकंजा, उद्योगपतियों...

ऑपरेशन प्रहार: रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार पर कसा शिकंजा, उद्योगपतियों के साथ हुई अहम बैठक

4

The Duniyadari: रायगढ़-  जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई तेज कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मंगलवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के प्रमुख उद्योगपतियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध स्क्रैप कारोबार को रोकने और उद्योगों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने की। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तरह के कारोबार में टैक्स चोरी, लोहे-तांबे की चोरी, फर्जी जीएसटी बिलिंग और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां शामिल रहती हैं, जिससे उद्योगों को भी कानूनी जोखिम का सामना करना पड़ सकता है।

प्रेजेंटेशन के दौरान यह भी बताया गया कि अवैध कबाड़ कारोबारी अक्सर उद्योगों को झांसे में लेकर उन्हें अनजाने में गैरकानूनी गतिविधियों का हिस्सा बना देते हैं। साथ ही उद्योगों के लिए “क्या करें और क्या न करें” के दिशा-निर्देश भी साझा किए गए। अधिकारियों ने यह भी बताया कि अवैध कबाड़ के परिवहन में शामिल वाहन पुलिस से बचने के लिए जोखिम भरे तरीके अपनाते हैं, जिससे सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ता है।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर जीएसटी मनीष मिश्रा ने अवैध स्क्रैप व्यापार में टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग से संबंधित कानूनी प्रावधानों और संभावित कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

वहीं एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा ने प्रशासन की ओर से सख्ती बरतने और उद्योगों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।

अंत में उद्योग प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।