Thursday, September 17, 2026
Home छत्तीसगढ़ कचरा फैलाने पर नगर निगम की सख्ती, शराब दुकान और कबाड़ी दुकानों...

कचरा फैलाने पर नगर निगम की सख्ती, शराब दुकान और कबाड़ी दुकानों पर कार्रवाई

193

The Duniyadari : रायपुर नगर निगम ने स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कड़ी कार्रवाई की है। जोन-1 क्षेत्र में सोमवार को निगम टीम ने औचक निरीक्षण कर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को सील किया।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन-1 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में टीम ने भनपुरी मुख्य मार्ग स्थित शराब दुकान के अहाते की जांच की। यहां कचरे का अंबार और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पाया गया। स्थानीय नागरिकों से प्राप्त शिकायत सही साबित होने पर मौके पर ही दुकान को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता डीके पैकरा और जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन भी मौजूद रहे।

इसी प्रकार, वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत संतोषी नगर खमतराई में दो कबाड़ी दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान यहां भी कचरा फैलाने की शिकायत सही निकली। जिसके बाद जोन कमिश्नर के निर्देश पर दोनों कबाड़ी दुकानों को तत्काल सील कर दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।