Tuesday, June 23, 2026
Home Breaking कम बारिश की स्थिति में विभागों को अभी से कार्ययोजना बनाने के...

कम बारिश की स्थिति में विभागों को अभी से कार्ययोजना बनाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

4

The Duniyadari: *दलहन-तिलहन, कोदो-कुटकी जैसे फसलों को बढ़ावा देने किसानों को जागरूक करने के निर्देश*

*जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, पीडीएस भंडारण-वितरण, पशुओं के लिए चारा प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता के संबंध में दिए निर्देश*

*समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कामकाज की समीक्षा*

कोरबा, 23 जून 2026/

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत मानसून काल में कम बारिश होने की स्थिति में जिले में फसल, पेयजल की उपलब्धता, राशन भंडारण और वितरण, जल संरक्षण एवं बीजीरामजी अंतर्गत तालाब गहरीकरण सहित अन्य कार्य, सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने, पशुओं के चारा व्यवस्था तथा बिगड़े हैंडपंपों के सुधार कार्य के संबंध में चर्चा करते हुए विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विभागों की चिन्हित योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को योजनाओं के पात्रता मापदंड निर्धारित कर ग्राम पंचायत स्तर पर डेटा तैयार करने और हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने मानसून की स्थिति की समीक्षा करते हुए कम बारिश होने की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम सभाओं के माध्यम से किसानों को कम पानी लगने वाली फसलों जैसे दलहन, तिलहन, कोदो-कुटकी एवं रागी के संबंध में जानकारी देते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गांवों में कृषि चौपाल आयोजित करने तथा जनपद सीईओ के माध्यम से कृषि चौपाल के लिए ग्राम स्तर का शेड्यूल जारी करते हुए ग्रामीणों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसमें पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में पलायन की स्थिति न बने, इसके लिए बीजीरामजी अंतर्गत मजदूरी के कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण के लिए तालाब गहरीकरण सहित अन्य कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने तथा जल स्तर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बंद बोर एवं बिगड़े हैंडपंपों का तत्काल सुधार करने, पीएचई को हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा शिकायतों पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पेयजल की कमी जैसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्लान बनाकर वैकल्पिक व्यवस्था की दिशा में अभी से योजना बनाकर कार्य प्रारंभ किए जाएं।

उन्होंने जिले में खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम एवं खाद्य अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने आबंटन के आधार पर प्रतिदिन इसकी समीक्षा करने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने पशुओं के लिए चारा प्रबंधन हेतु आवश्यक तैयारी के निर्देश पशुधन विकास विभाग को दिए।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कम बारिश की स्थिति में सजग रहते हुए लोकहित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत शिकायतों के समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

*सुघ्घर छत्तीसगढ़ योजना का मिशन मोड में क्रियान्वयन के निर्देश*

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासन द्वारा प्रारंभ की गई सुघ्घर छत्तीसगढ़ योजना की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अंतर्गत चिन्हित लोककल्याणकारी योजनाओं का ग्राम पंचायत स्तर पर डेटा संकलित करते हुए निर्धारित पात्रता के आधार पर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अंतर्गत चिन्हित 35 योजनाओं को ग्राम स्तर पर सैचुरेटेड करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम, खाद्य, कृषि, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों को जनपद सीईओ के माध्यम से समन्वय बनाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके लिए सीईओ जिला पंचायत को नोडल भी बनाया गया है। इसके साथ ही पीएम जनमन अंतर्गत ग्रामों में योजनाओं के क्रियान्वयन को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

*बचे हुए किसानों के एक सप्ताह में एग्रिस्टेक में पंजीयन के निर्देश*

 

कलेक्टर ने एग्रिस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर बचे हुए किसानों का एग्रिस्टेक में पंजीयन कराएं। उन्होंने संयुक्त खाताधारकों का बकेट क्लेम करने तथा लंबित खसरों को जोड़ने के निर्देश भी दिए।

 

*राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने और भैसमा तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश*

 

कलेक्टर ने तहसीलवार समय-सीमा के लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। तहसील स्तर पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण नहीं होने तथा समय-सीमा में उचित कार्रवाई नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने भैसमा तहसील अंतर्गत सीमांकन के एक प्रकरण का एक वर्ष तक निराकरण नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए राजस्व निरीक्षक करुणा मैत्री को निलंबित करने तथा तहसीलदार के. के. लहरे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्रकरणों का लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।