Sunday, August 23, 2026
Home Breaking कलेक्टर की जासूसी का खुलासा: दफ्तर में रिकॉर्डर लगाते पकड़ा गया कर्मचारी,...

कलेक्टर की जासूसी का खुलासा: दफ्तर में रिकॉर्डर लगाते पकड़ा गया कर्मचारी, अफसरों के कमरे की बातें करता था लीक; जांच शुरू

54

The Duniyadari: धमतरी-  कलेक्टर कार्यालय में जासूसी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कलेक्टर के दफ्तर में रिकॉर्डर लगाकर बातचीत रिकॉर्ड करने के आरोप में एक कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ा गया है। आरोपी कर्मचारी अफसरों के कमरे की गोपनीय चर्चा लीक कर रहा था। मामले के खुलासे के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक कलेक्टर कार्यालय के एक कर्मचारी पर पिछले कुछ दिनों से शक था। अफसरों की आपसी बातचीत और मीटिंग की जानकारी बाहर लीक हो रही थी। संदेह होने पर गोपनीय तरीके से निगरानी शुरू की गई। शुक्रवार को कर्मचारी को कलेक्टर के चैंबर के पास रिकॉर्डर लगाते हुए पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि कर्मचारी लंबे समय से अफसरों की बातचीत रिकॉर्ड कर रहा था। वह रिकॉर्डिंग किसे देता था और इसके पीछे मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विभागीय जानकारी बाहर भेजने की बात सामने आई है।

कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी यह पता लगा रही हैं कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।

इस घटना के बाद कलेक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। सभी चैंबर और मीटिंग हॉल की जांच की जा रही है। अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रवेश पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि शासकीय गोपनीयता भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।