Monday, November 23, 2026
Home कोरबा कोरबा पुलिस का एक्शन मोड, ऑपरेशन शांति में 58 गिरफ्तारी

कोरबा पुलिस का एक्शन मोड, ऑपरेशन शांति में 58 गिरफ्तारी

101

The Duniyadari : कोरबा – नववर्ष से पहले जिले में शांति और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा संचालित विशेष अभियान “ऑपरेशन शांति” लगातार सख्ती के साथ आगे बढ़ रहा है। अभियान के तीसरे दिन पुलिस ने फरार चल रहे 58 वारंटियों को दबोच लिया, जिनमें 17 स्थायी वारंटी शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ ही बीते तीन दिनों में कुल 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से न्यायालय के गिरफ्तारी आदेशों के बावजूद पुलिस की पकड़ से बाहर थे। इन पर पहले से निगरानी रखी जा रही थी और सुनियोजित कार्रवाई के तहत अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

तीसरे दिन की कार्रवाई के दौरान मानिकपुर चौकी, कोतवाली थाना और राजगामार चौकी पुलिस ने क्रमशः 10, 6 और 5 वारंट तामील किए। इसके अलावा मानिकपुर चौकी और कोतवाली थाना द्वारा 5-5 स्थायी वारंटों पर भी कार्रवाई की गई।

कोरबा पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान का मकसद जिले में अपराधियों पर लगाम कसना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।