Sunday, August 23, 2026
Home कोरबा कोरबा में कांग्रेस का बिजली-पानी-सड़क पर हल्लाबोल, 10 दिन का अल्टीमेटम; 11वें...

कोरबा में कांग्रेस का बिजली-पानी-सड़क पर हल्लाबोल, 10 दिन का अल्टीमेटम; 11वें दिन निगम घेराव की चेतावनी

4

The Duniyadari: कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी की शनिवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक हुई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में आयोजित बैठक में स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिल, 400 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना, बदहाल सड़कों और शुद्ध पेयजल समेत शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है, लेकिन महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रसोई से लेकर सफर तक महंगाई का असर दिखाई दे रहा है। चीनी, प्याज सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवार का बजट बिगड़ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दो वर्षों के दौरान पांच बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। वहीं 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना में संशोधन कर इसे बंद करने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरसात के दौरान लोगों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि शहर सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन निगम के 17 माह के कार्यकाल में शहरवासी इन सुविधाओं के लिए परेशान हैं।

10 दिन में सुधार नहीं तो निगम घेराव

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल 24 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 10 दिनों के भीतर सकारात्मक कार्रवाई की मांग करेगा।

उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सुधार, मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य शुरू नहीं किए गए तो 11वें और 12वें दिन निगम कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन कर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

बैठक को श्याम सुंदर सोनी ने भी संबोधित किया। संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु ने किया। बैठक में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।