Friday, March 13, 2026
Home कोरबा कोरबा में नगर निगम की सख्ती, 3 बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील...

कोरबा में नगर निगम की सख्ती, 3 बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील लाखों रुपये संपत्तिकर बकाया होने पर निगम की कार्रवाई, जल्द भुगतान नहीं करने पर कुर्की की चेतावनी

9

The Duniyadari: कोरबा, 13 मार्च। नगर पालिक निगम कोरबा ने बकाया संपत्तिकर की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देश पर शुक्रवार को निगम की राजस्व टीम ने तीन बड़े बकायादारों की संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई कोरबा जोन क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से कर बकाया होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा था।

निगम प्रशासन के अनुसार कई बार नोटिस और वारंट जारी करने के बाद भी संबंधित करदाताओं ने संपत्तिकर सहित अन्य करों की राशि जमा नहीं की। ऐसे में राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 06 के निवासी जरहा साव पर करीब 1 लाख 86 हजार 700 रुपये, सिंधी गुरुद्वारा के पास स्थित एक सीमेंट दुकान संचालक पर 1 लाख 46 हजार 679 रुपये, तथा पुरानी बस्ती निवासी सहोदरा बाई पर लगभग 99 हजार 535 रुपये के बकाया कर के कारण उनकी संपत्तियों को सील कर दिया।

नगर निगम का कहना है कि संपत्तिकर, समेकित कर और जलकर सहित कई मदों में बड़ी राशि अब भी बकाया है। कई करदाताओं को बार-बार नोटिस भेजे जाने के बाद भी जब भुगतान नहीं हुआ तो यह सख्त कदम उठाया गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि बकायादार जल्द राशि जमा नहीं करते हैं तो आगे कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।

इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता भूषण उरांव, उप जोन प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल, अविनाश जायसवाल, विनोद गोंड, ओमप्रकाश श्रीवास, परमानंद राठौर, उत्तम राठौर और राजेश साहू सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

आयुक्त आशुतोष पांडेय ने शहर के सभी करदाताओं से अपील की है कि वे नगर निगम को देय कर समय पर जमा करें। उन्होंने कहा कि करों की वसूली से ही शहर में विकास कार्य और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सकता है। समय पर कर नहीं देने से जहां निगम को आर्थिक नुकसान होता है, वहीं शहर के विकास पर भी असर पड़ता है। इसलिए बकायादार जल्द से जल्द अपनी बकाया राशि जमा कर कार्रवाई से बचें।