Saturday, May 2, 2026
Home Breaking फर्जी नियुक्ति पत्र का खेल: 11 आत्मानंद स्कूलों में संविदा शिक्षकों की...

फर्जी नियुक्ति पत्र का खेल: 11 आत्मानंद स्कूलों में संविदा शिक्षकों की भर्ती पर सवाल

23

The Duniyadari: दुर्ग जिले में आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों में संविदा शिक्षकों की भर्ती को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिले के 11 स्कूलों के लिए 11 शिक्षकों के नाम से कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए जाने का मामला उजागर हुआ है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला शिक्षिका जेपी नगर कैंप-2 स्थित स्कूल में ज्वाइनिंग के लिए पहुंची। स्कूल की प्राचार्य को नियुक्ति पत्र संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने महिला को आदेश की फोटोकॉपी कराने भेज दिया और जिला शिक्षा विभाग से तत्काल संपर्क कर जानकारी ली। जांच में पता चला कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से ऐसा कोई नियुक्ति आदेश जारी ही नहीं किया गया था। इसके बाद महिला शिक्षिका वापस नहीं लौटी, जिससे पत्र के फर्जी होने की आशंका और मजबूत हो गई।

प्राचार्य सुधा कुर्रे ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी को दी। शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर दर्ज करने की अनुशंसा की है। प्रारंभिक जांच में नियुक्ति पत्र के प्रारूप और पद विवरण में कई खामियां मिलीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि दस्तावेज एडिट कर तैयार किया गया है।

फर्जी नियुक्ति पत्र में तीन अलग-अलग विषयों के शिक्षकों को 1 अप्रैल को विभिन्न स्कूलों में ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया था। हिंदी, गणित और वाणिज्य विषय के लिए अलग-अलग नाम और स्कूलों का उल्लेख किया गया था।

जिला शिक्षा विभाग को आशंका है कि यह पूरा मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस जांच शुरू करने की तैयारी में है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फर्जी नियुक्ति पत्र किसने जारी किए और इसमें कितने लोग शामिल हैं।