Monday, April 27, 2026
Home Breaking घबराहट में खरीदारी से बिगड़े हालात, 400 से ज्यादा पेट्रोल पंप अस्थायी...

घबराहट में खरीदारी से बिगड़े हालात, 400 से ज्यादा पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से बंद

12

The Duniyadari: आंध्र प्रदेश में पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर ईंधन संकट की आशंका फैलते ही लोगों ने बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल खरीदना शुरू कर दिया। नतीजतन, राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और हालात बिगड़ते चले गए।

राज्य में कुल करीब 4,500 से अधिक पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से 400 से ज्यादा पंपों पर आपूर्ति बाधित होने या भीड़ नियंत्रित करने के चलते संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। कई स्थानों पर स्टॉक सीमित होने के कारण पेट्रोल पंप संचालकों ने दोपहिया वाहनों को 2 लीटर और चारपहिया वाहनों को 10 लीटर तक ही ईंधन देने की सीमा तय कर दी।

विजयवाड़ा, गुंटूर, राजमुंद्री, कुरनूल और नेल्लोर जैसे शहरों में स्थिति ज्यादा गंभीर रही, जहां लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई जगहों पर ग्राहकों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच बहस और तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। तिरुमाला जैसे धार्मिक स्थल पर भी परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई, जहां कुछ पंपों पर ईंधन खत्म हो गया।

डीलर्स के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी खपत दर्ज की जा रही है, जिससे सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ गया है। वहीं राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि पैनिक बाइंग की वजह से अस्थायी संकट की स्थिति बनी है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के मुताबिक ही ईंधन खरीदें, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।