The Duniyadari: बिलासपुर के देवरीखुर्द इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के बाहर खेल रहे नर्सरी के एक छोटे बच्चे पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चे के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान स्कूल से लौटने के बाद बच्चा मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ घर के सामने खेल रहा था। तभी आसपास घूम रहा एक आवारा कुत्ता उस पर टूट पड़ा और उसे कई जगह काट लिया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।















