Wednesday, June 24, 2026
Home Breaking छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज, मुख्यमंत्री साय दिल्ली रवाना

छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज, मुख्यमंत्री साय दिल्ली रवाना

4

The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव राहुल भगत के भी दिल्ली जाने की जानकारी सामने आई है।

वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के भी दिल्ली में अलग-अलग बैठकों में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सरकार या पार्टी की ओर से इन दौरों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन एक साथ कई वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के दिल्ली पहुंचने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री का दौरा संगठनात्मक बैठकों, केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात अथवा राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों पर चर्चा से जुड़ा हो सकता है। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रहा है। ऐसे में मंत्रिमंडल में फेरबदल या जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के दिल्ली दौरे के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल प्रदेश की राजनीति में इन यात्राओं को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।