Wednesday, June 24, 2026
Home Breaking रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हादसा: फर्नेस क्षेत्र में गैस बनने से मची...

रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हादसा: फर्नेस क्षेत्र में गैस बनने से मची अफरा-तफरी, 4 श्रमिक घायल

15
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raigarh जिले के पूंजी पथरा स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में मंगलवार को हुए एक औद्योगिक हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में चार श्रमिक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरसात के मौसम में फर्नेस में उपयोग किए जाने वाले कच्चे माल में नमी बढ़ जाने के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई। इससे फर्नेस के भीतर गैस का दबाव बना और अचानक धुआं फैल गया। धुआं और तेज आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे श्रमिकों में हड़कंप मच गया।

घायलों में जांजगीर-चांपा निवासी अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी शामिल हैं, जबकि एक अन्य घायल की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति स्थिर है, हालांकि बेहतर इलाज के लिए दो श्रमिकों को अन्य अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

संयंत्र प्रबंधन के जीएम सुनील पांडा ने स्पष्ट किया कि यह कोई बड़ा ब्लास्ट नहीं था। उनके मुताबिक फर्नेस में नमी के कारण गैस का निर्माण हुआ, जिससे धुआं फैला और श्रमिक घबरा गए। अफरा-तफरी के दौरान ऊंचाई पर कार्य कर रहे कुछ मजदूरों ने जल्दबाजी में छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आईं।

घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। वहीं हादसे को लेकर श्रम विभाग और संबंधित अधिकारियों की नजर भी मामले पर बनी हुई है।